MCB NEWS. भरतपुर जनपद पंचायत क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक सुनसान मकान से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां जमीन पर एक नवजात बच्चा पड़ा मिला। बच्चे की हालत देखकर अंदाजा लगाया गया कि उसका जन्म कुछ ही समय पहले हुआ था और उसे वहीं छोड़ दिया गया था।

जन्म देकर नवजात को छोड़कर फरार हुई मां
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को जानकारी दी। इसके बाद मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौके पर पहुंचीं। लोगों की मदद से बच्चे को सावधानीपूर्वक उठाया गया और कपड़े में लपेटकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर पहुंचाया गया। ठंड के कारण बच्चा कमजोर और बीमार लग रहा था, जिस पर डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू कर आवश्यक दवाएं दीं।


डॉक्टरों ने किया प्राथमिक उपचार, जिला अस्पताल रेफर
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार नवजात का वजन सामान्य से कम है, जिसके चलते उसे शुरुआती इलाज देने के बाद बेहतर उपचार के लिए सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ रेफर कर दिया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग और बाल संरक्षण इकाई को भी घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।

ग्रामीणों की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मकान में बच्चा मिला, वह लंबे समय से सूना पड़ा है। रात का समय होने के कारण वहां जंगली जानवर या आवारा कुत्तों से बच्चे को खतरा हो सकता था। समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता और तत्परता से नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।




































