TEHRAN NEWS. मध्य पूर्व में जारी भीषण युद्ध के बीच एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की है कि अमेरिका अगले 5 दिनों तक ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ठिकानों पर कोई सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा। ट्रम्प ने इस फैसले के पीछे ईरान के साथ हुई “सकारात्मक और रचनात्मक” बातचीत का हवाला दिया है।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जानकारी देते हुए कहा, पिछले दो दिनों में ईरान के साथ बहुत अच्छी और उपयोगी बातचीत हुई है। हम संघर्ष के पूर्ण समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं। इसी सकारात्मक माहौल को देखते हुए मैंने रक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि ईरानी बिजली घरों पर होने वाले सभी हमलों को 5 दिनों के लिए स्थगित कर दिया जाए।

बता दें कि इससे पहले ट्रम्प ने अल्टीमेटम दिया था कि अगर ईरान ने 48 घंटे के भीतर ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) को पूरी तरह से नहीं खोला, तो अमेरिका उसके सबसे बड़े पावर प्लांट्स को तबाह कर देगा।

ईरानी मीडिया का पलटवार: “कोई बातचीत नहीं हुई”
दूसरी ओर, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तसनीम’ ने अमेरिकी दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका के साथ किसी भी तरह की कोई सीधी बातचीत नहीं हो रही है। ईरानी मीडिया ने इसे “अमेरिका का पीछे हटना” करार दिया है। उनके अनुसार, ईरान की कड़ी चेतावनी और जवाबी हमले के डर से ट्रम्प ने अपने कदम पीछे खींचे हैं।

बाजार और दुनिया पर असर
ट्रम्प के इस फैसले के बाद वैश्विक तेल बाजारों में हल्की गिरावट देखी गई है, जबकि शेयर बाजारों में उछाल आया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह 5 दिन की मोहलत इस युद्ध के भविष्य के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।





































