JANJGIR NEWS. जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। किराने की दुकान के सामने गाली-गलौज से शुरू हुआ झगड़ा गोलीबारी तक पहुंच गया। एक रिटायर्ड आर्मी जवान ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, पामगढ़ क्षेत्र के विकास नगर में स्थित एक किराना दुकान के सामने सुबह करीब 10 बजे विवाद शुरू हुआ। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास से गाली-गलौज को लेकर शैलेंद्र साहू और उसके साथियों के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

आवेश में रिटायर्ड जवान ने चलाई गोली
विवाद बढ़ता देख हिमांशु का भाई गुलशन श्रीवास, जो सेना से रिटायर्ड हवलदार है, मौके पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि बहस के दौरान उसने अपना आपा खो दिया और लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। इस दौरान गोली पास में खड़े पंकज कश्यप की जांघ में जा लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल को बिलासपुर किया गया रेफर
घायल पंकज कश्यप को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी और उसके भाई को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास तथा उसके भाई हिमांशु को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल और मैग्जीन भी जब्त कर ली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।





































