BIJAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गंगालूर स्थित पोटा केबिन छात्रावास की तीन छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं। जानकारी के अनुसार तीनों छात्राओं का गर्भ लगभग पांच महीने का बताया जा रहा है, जिनमें से दो छात्राएं नाबालिग हैं। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।


मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन छात्राओं के लिए गर्भवती कार्ड भी जारी किया गया है। इससे संकेत मिलता है कि स्वास्थ्य विभाग को छात्राओं की स्थिति की जानकारी थी और उनके स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई थीं।

हालांकि, मामला उजागर होने के बाद छात्रावास की अधीक्षिका ने दावा किया है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। अधीक्षिका के इस बयान के बाद मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है तथा कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस घटना ने शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होती है। ऐसे में तीन छात्राओं के गर्भवती पाए जाने की घटना ने व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।




































