RAIPUR NEWS. शहर के व्यस्त फाफाडीह–खमतराई मुख्य मार्ग पर डिवाइडर के किनारे लगाए गए बड़े-बड़े राजनीतिक होर्डिंग अब दुर्घटनाओं की वजह बनते नजर आ रहे हैं। सड़क के ठीक किनारे और मोड़ के पास लगे इन होर्डिंग्स से वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित हो रही है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ये होर्डिंग्स इतनी नजदीक लगाए गए हैं कि साइड लेते समय वाहन चालकों को परेशानी होती है। कई बार बाइक और स्कूटर चालक संतुलन खो बैठते हैं।

इसी तरह की एक घटना 8 मार्च को सामने आई, जब राहगीर आनंद द्विवेदी की बाइक साइड लेते समय एक होर्डिंग से टकरा गई। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन यह मामला सड़क सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

आसपास के लोगों का कहना है कि यह मार्ग शहर के व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है। ऐसे में सड़क के बेहद करीब लगे ये विशाल होर्डिंग किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे होर्डिंग्स को तत्काल हटाया जाए या सुरक्षित स्थान पर लगाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।



































