JOB NEWS. चार साल का कार्यकाल पूरा करने जा रहे अग्निवीरों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत की घोषणा की है। भारतीय रेलवे और भारतीय सेना ने मिलकर सहयोग का ढांचा (कोऑपरेशन फ्रेमवर्क) शुरू किया है, जिसका उद्देश्य सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों को स्थायी रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। अग्निवीरों के पहले बैच का कार्यकाल इसी वर्ष पूरा होने वाला है। ऐसे में रेलवे भर्ती में आरक्षण का प्रावधान उनके लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। इससे पहले केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और दिल्ली पुलिस में भी आरक्षण की घोषणाएं की जा चुकी हैं।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि लेवल-1, लेवल-2 और उससे ऊपर के पदों पर पूर्व सैनिकों व पूर्व अग्निवीरों को आरक्षण दिया जाएगा। लेवल-1 पदों पर भर्ती रेलवे भर्ती केंद्र (RRC) के माध्यम से तथा लेवल-2 और उससे ऊपर के पदों पर भर्ती रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं से की जाती है।
लेवल-1 पद (पूर्ववर्ती ग्रुप-डी)
पूर्व सैनिकों को 20% आरक्षण
पूर्व अग्निवीरों को 10% आरक्षण
लेवल-2 और उससे ऊपर के पद
पूर्व सैनिकों को 10% आरक्षण
पूर्व अग्निवीरों को 5% आरक्षण

14,788 पद पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित
रेल मंत्रालय के अनुसार वर्ष 2024-25 में रेलवे भर्तियों में पूर्व सैनिकों के लिए कुल 14,788 पद आरक्षित किए गए थे। इनमें 6,485 पद लेवल-1 के8,303 पद लेवल-2 एवं उससे ऊपर के शामिल हैं। रेलवे ने नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक पूर्व सैनिकों को संविदा आधार पर ‘पॉइंट्समैन’ पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया है। जोनल और मंडल स्तर पर 5,000 से अधिक लेवल-1 पदों पर प्रक्रिया जारी है। अब तक नौ मंडलों ने संबंधित सेना संगठनों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।

दिल्ली पुलिस और CAPFs में भी बढ़ा आरक्षण
हाल ही में दिल्ली पुलिस ने पूर्व अग्निवीरों को 20% आरक्षण देने की घोषणा की है। साथ ही फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) से छूट और आयु सीमा में तीन वर्ष की राहत का प्रावधान भी किया गया है। दिसंबर 2025 में सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (CAPFs) के ग्रुप-सी पदों पर पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण 10% से बढ़ाकर 50% कर दिया गया। यहां भी PST, PET और आयु सीमा में छूट दी जा रही है।
































