RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में पुलिसकर्मियों पर नाबालिग से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी के संदेह में एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पिटाई करने के आरोप में दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा की गई है।

जानकारी के अनुसार, मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार पुलिस सहायता केंद्र का है। यहां पदस्थ आरक्षक लक्ष्मी नारायण (क्रमांक 1211) और आरक्षक आसमान सिंह (क्रमांक 2382) पर आरोप है कि वे ड्यूटी के दौरान चौकी प्रभारी को बिना सूचना दिए अन्य स्थान पर गए और एक नाबालिग को मोबाइल चोरी के शक में पकड़कर उसकी पिटाई की।

बताया जा रहा है कि मारपीट में नाबालिग को गंभीर चोटें आईं और उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिम क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरक्षकों को आमजन के साथ दुर्व्यवहार और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में दोनों को रक्षित केंद्र रायपुर संबद्ध किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विभागीय जांच जारी है और दोष सिद्ध होने पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और नागरिकों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



































