RAIPUR NEWS. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में संगठनात्मक मजबूती के लिए अहम नियुक्तियां की हैं। बस्तर से विधायक लखेश्वर बघेल को उपनेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही विधायक दलेश्वर साहू को विधानसभा का मुख्य सचेतक (व्हिप) और विधायक दिलीप लहरिया को उप सचेतक नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष का पद लंबे समय से रिक्त था। पार्टी ने अब इस खाली पद को भरते हुए नई टीम का गठन किया है। लखेश्वर बघेल बस्तर क्षेत्र के वरिष्ठ और प्रभावशाली कांग्रेस नेताओं में गिने जाते हैं। वे बस्तर विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए हैं।

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने इन नियुक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधायक दल में नई जिम्मेदारियों के साथ टीम को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विधानसभा में जनता की आवाज को और बुलंद तरीके से उठाया जाएगा।

महंत ने इस निर्णय के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।



































