BALOD NEWS. बालोद–दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लापरवाही से खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

यह दुर्घटना जमही टोल प्लाजा के पास 13 फरवरी की रात करीब 9 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेत के एक अज्ञात ट्रक खड़ा था। उसी दौरान कुसुमकसा से गुजरा गांव लौट रहे बाइक सवार युवक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गए। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विनोद हल्बा, प्रशांत हल्बा और हरीश हल्बा के रूप में हुई है।

तीनों गुजरा गांव के निवासी बताए गए हैं और एक ही बाइक पर सवार थे। दुर्घटना में तीनों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात करीब 10 बजे एम्बुलेंस के जरिए तीनों शवों को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखवाया गया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों का बिना इंडिकेटर खड़ा रहना आए दिन हादसों की वजह बन रहा है। उन्होंने टोल प्लाजा क्षेत्र में रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ाने और खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसे रोके जा सकें।



































