JASHPUR NEWS. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर गम्हरिया के पास गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 6 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान गम्हरिया निवासी लकड़ा मिस्त्री और हीरा मिस्त्री के रूप में हुई है। दोनों वाहन मरम्मत का काम करते थे और रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप वाहन अत्यधिक तेज गति में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे सड़क किनारे पैदल चल रहे लोगों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग दहल उठे।

हादसे के बाद चालक पिकअप वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की मांग की है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन की पहचान कर जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।




































