BOLLYWOOD NEWS. रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर ने यह साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट दमदार हो, तो रिलीज के महीनों बाद भी दर्शकों की दिलचस्पी बरकरार रहती है। 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म अब दो महीने पूरे करने जा रही है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि नई फिल्मों की भीड़ के बीच भी धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। 8वें वीकेंड पर भी फिल्म ने एक करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ट्रेड को चौंका दिया है। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म ओटीटी पर भी धमाल मचाएगी।

ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की लगातार सफलता के पीछे इसकी मजबूत कहानी, स्पाई-थ्रिलर ट्रीटमेंट और रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन जैसी दमदार स्टार कास्ट का बड़ा हाथ है। अब इसी मजबूत थिएट्रिकल रन के बाद ‘धुरंधर’ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही है। जो दर्शक अब तक थिएटर में फिल्म नहीं देख पाए या दोबारा देखना चाहते हैं, उनके लिए खुशखबरी है। OTT Play की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘धुरंधर’ का डिजिटल प्रीमियर 30 जनवरी 2026 से नेटफ्लिक्स पर होने की संभावना है।

मेकर्स ने जानबूझकर OTT रिलीज में देरी की, ताकि फिल्म को थिएटर में लंबे समय तक फायदा मिल सके और यह रणनीति पूरी तरह कामयाब रही। धुरंधर सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, बल्कि डिजिटल राइट्स के मामले में भी बड़ी फिल्म साबित हुई है। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, नेटफ्लिक्स ने ‘धुरंधर’ और इसके अपकमिंग सीक्वल ‘धुरंधर 2’ (2026) के स्ट्रीमिंग राइट्स लगभग 130 करोड़ रुपये की कंबाइंड डील में खरीदे हैं। इसे हिंदी सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी OTT डील्स में से एक माना जा रहा है। यह डील रणवीर सिंह के करियर के लिए भी एक बड़ा माइलस्टोन मानी जा रही है।

बॉक्स ऑफिस आंकड़ों की बात करें तो धुरंधर ने अपने 52वें दिन (8वें रविवार) को करीब 1.35 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन 833.4 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। लंबे समय तक टिके रहने वाली इस कमाई ने फिल्म को साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की सूची में शामिल कर दिया है। थिएटर में मजबूत पकड़ और अब OTT पर एंट्री के साथ, ‘धुरंधर’ एक बार फिर दर्शकों के बीच चर्चा में आने को तैयार है।




































