MANEDRAGARH NEWS. भरतपुर सोनहत विधानसभा सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक और ट्रेड यूनियन काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष गुलाब कमरो एक बार फिर सुर्ख़ियों में आ गए हैं। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के कलेक्टर डी राहुल वेंकट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व विधायक ने कलेक्टर की शिकायत प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से की है।

कांग्रेस के पूर्व विधायक के आरोप लगाने के बाद अब ये मामला तूल पकड़ते जा रहा है। कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय घेराव करने का भी ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत भी शामिल होंगी। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कलेक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कलेक्टर राहुल खुद को सरकार से ऊपर समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेक्टर जिले में हिटलरशाही चला रहे हैं।

गुलाब कमरो ने कलेक्टर पर नियुक्ति में भ्रष्टाचार, कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने के भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने कलेक्टर राहुल वेंकट की शिकायत प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से की है। कलेक्टर को नहीं हटाये जाने पर भूख हड़ताल में बैठने की बात भी गुलाब कमरो ने कही है।

इधर गुलाब कमरो के आरोपों का भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा है कि कोई भी कलेक्टर सरकार से ऊपर नहीं होता है, गुलाब कमरो भूख हड़ताल में बैठने के लिए लोकतंत्र में स्वतंत्र है। भाजपा प्रवक्ता जमुना पांडे ने कहा कि कई बार अधिकारी गलत निर्णय लेते हैं, अगर कलेक्टर कुछ गलत कर रहे हैं तो उन्हें उसका दंड मिलेगा।




































