JOB NEWS. बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यूको बैंक ने बड़ी खुशखबरी दी है। बैंक ने जनरलिस्ट और स्पेशलिस्ट ऑफिसर के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-I (JMGS-I) और मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-II (MMGS-II) के तहत की जाएगी। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 173 पद भरे जाएंगे, जिनमें बैंकिंग, फाइनेंस, अकाउंटिंग और आईटी से जुड़े कई अहम पद शामिल हैं। यूको बैंक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 2 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ग्रेजुएट, चार्टर्ड अकाउंटेंट, इंजीनियरिंग और आईटी बैकग्राउंड से जुड़े उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती एक बेहतरीन अवसर मानी जा रही है। आवेदन शुल्क का भुगतान भी अंतिम तारीख तक करना होगा। यूको बैंक में चयनित अधिकारियों को आकर्षक वेतन और भत्ते मिलेंगे। JMGS-I स्केल में बेसिक पे लगभग 48,480 रुपए से शुरू होकर 85,920 रुपए तक पहुंच सकता है। वहीं MMGS-II स्केल में बेसिक पे 64,820 रुपए से शुरू होकर करीब 93,960 रुपए तक जाएगा।

इस भर्ती के तहत जनरलिस्ट और स्पेशलिस्ट ऑफिसर के कुल 173 पद भरे जाएंगे। इसमें ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर, ट्रेजरी ऑफिसर, चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ-साथ आईटी और टेक्नोलॉजी से जुड़े कई पद शामिल हैं। बैंक नेटवर्क एडमिनिस्ट्रेटर, डेटाबेस और सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर, सॉफ्टवेयर डेवलपर, क्लाउड इंजीनियर, एआई-एमएल इंजीनियर, डेटा एनालिस्ट, डेटा साइंटिस्ट, साइबर सिक्योरिटी ऑफिसर, डेटा इंजीनियर और डेटा प्राइवेसी जैसे आधुनिक और डिमांड वाले पदों पर भर्ती करेगा।

हर पद के लिए अलग-अलग योग्यता और अनुभव तय किया गया है। ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर के लिए ग्रेजुएशन के साथ एमबीए या पीजीडीएम और कम से कम एक साल का अनुभव जरूरी है। ट्रेजरी ऑफिसर पद के लिए ग्रेजुएशन के साथ एमबीए और न्यूनतम तीन साल का बैंकिंग या ट्रेजरी अनुभव मांगा गया है। चार्टर्ड अकाउंटेंट पद के लिए आईसीएआई से सीए पास होना अनिवार्य है। जूनियर स्केल के लिए एक साल और मिडिल स्केल के लिए तीन साल का अनुभव जरूरी होगा।आईटी और तकनीकी पदों के लिए बीई, बीटेक, एमसीए या कंप्यूटर साइंस से जुड़ी डिग्री के साथ कम से कम एक साल का अनुभव मांगा गया है।
वहीं डेटा से जुड़े पदों के लिए डेटा साइंस, आईटी या स्टैटिस्टिक्स में डिग्री और तीन साल का अनुभव जरूरी है। उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। JMGS-I पदों के लिए आयु सीमा 20 से 30 वर्ष और MMGS-II पदों के लिए 22 से 35 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। एससी-एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी को 3 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवार यूको बैंक की आधिकारिक वेबसाइट uco.bank.in पर जाएं। करियर सेक्शन में जाकर भर्ती से संबंधित लिंक खोलें, नया रजिस्ट्रेशन करें और लॉगिन करके आवेदन फॉर्म भरें। सभी जरूरी जानकारियां और दस्तावेज अपलोड करने के बाद ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट कर दें। भविष्य के लिए आवेदन की कॉपी सुरक्षित रखना न भूलें।

































