RAIGARH NEWS. राशन कार्डों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस का कहना है कि ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण जिले के 70 हजार से अधिक राशन कार्ड धारकों का दिसंबर माह का राशन रोक दिया गया है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जिन हितग्राहियों की ई-केवाईसी समय पर नहीं हो पा रही है, उनका आगामी दो महीनों तक भी राशन रोका जा रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि तकनीकी खामियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि स्कूली बच्चों और बुजुर्गों की ई-केवाईसी कराने में विशेष दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे में सभी राशन दुकानों में ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि हितग्राहियों को इधर-उधर भटकना न पड़े।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की कि वैध राशन कार्ड धारियों का राशन किसी भी स्थिति में न रोका जाए और जिन हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, उन्हें तुरंत राशन उपलब्ध कराया जाए। कांग्रेस ने कलेक्टर से ई-केवाईसी की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने की भी मांग की है।




































