BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एसएससी (SSC) द्वारा आयोजित दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में नकल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने राजस्थान के एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है, जो अपने शरीर और कपड़ों में हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपाकर परीक्षा दे रहा था।

घटना सीपत थाना क्षेत्र के फरहदा स्थित जीटीबी कॉलेज की है। शुक्रवार (9 जनवरी) को शाम 4:30 से 6:30 बजे की शिफ्ट में दिल्ली पुलिस 2025 की परीक्षा चल रही थी। परीक्षा के दौरान केंद्र प्रभारी विजय कुमार लहरे को राजस्थान के दौसा निवासी अभ्यर्थी मोहित मीणा (25) की गतिविधियों पर संदेह हुआ।
जब पर्यवेक्षक उसके करीब पहुंचे, तो मोहित घबरा गया। कड़ाई से तलाशी लेने पर उसके पास से आधुनिक उपकरण बरामद हुए, जिसमें कान के भीतर लगा एक सूक्ष्म ब्लूटूथ डिवाइस। कपड़ों में छिपाया गया सिम कार्ड ऑपरेटेड इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
केंद्र प्रभारी की शिकायत पर सीपत पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और परीक्षा अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

बड़े गिरोह की आशंका, सुरक्षा पर सवाल
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी मोहित मीणा राजस्थान के दौसा जिले के बसवा थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वह ये सारे उपकरण राजस्थान से ही लेकर आया था। कड़ी सुरक्षा और चेकिंग के बावजूद अभ्यर्थी केंद्र के भीतर डिवाइस ले जाने में कैसे सफल रहा? पुलिस को शक है कि इस मामले के पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय नकल गिरोह का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और बरामद डिवाइसों की बारीकी से जांच कर रही है।




































