RAIPUR NEWS. 2026 की दहलीज पर कदम रखने से पहले रायपुर पुलिस को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और थानों की कार्यप्रणाली में तेजी लाने के उद्देश्य से एसएसपी ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है, जिससे कई थानों की कमान नए अफसरों के हाथ में चली गई है। नए साल से ठीक पहले रायपुर एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 69 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला किया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, शहर के विभिन्न थानों और इकाइयों में पदस्थ निरीक्षक, सब इंस्पेक्टर (SI) और असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस तबादले को आगामी वर्ष में अपराध नियंत्रण को सख्त बनाने और पुलिसिंग में सक्रियता बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। आदेश के अनुसार, निरीक्षक सतीश सिंह को अब कोतवाली थाना की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, निरीक्षक एसएन सिंह को कबीर नगर थाना और निरीक्षक सुनील दास को गंज थाना का प्रभारी बनाया गया है। गंज थाना में पदस्थ रहे निरीक्षक भावेश गौतम को अब यातायात शाखा में पोस्ट किया गया है। उन पर शराब माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगे थे। इस संबंध में एसएसपी और आईजी कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद उनकी जिम्मेदारी बदले जाने को सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

निरीक्षकों के साथ-साथ एसएसपी ने 18 सब इंस्पेक्टरों के तबादले के आदेश भी जारी किए हैं। इन सब इंस्पेक्टरों को खरोरा, माना, कोतवाली, डीडी नगर, सरस्वती नगर, मुजगहन, पुरानी बस्ती, पंडरी, धरसींवा और राजेंद्र नगर जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्रों में नई पदस्थापना दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का यह व्यापक तबादला नए साल में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर लगाम और जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नए प्रभार के साथ अफसरों पर बेहतर प्रदर्शन और सख्त कार्रवाई का दबाव भी बढ़ेगा।




































