RAIPUR NEWS. महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में सीबीआई के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ED ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार 13 नवंबर को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत हुई इस गिरफ्तारी के बाद रायपुर की विशेष अदालत ने उसे 7 दिन की ED कस्टडी में भेज दिया है। अब सौरभ चंद्राकर से 19 नवंबर तक पूछताछ की जाएगी। ED के मुताबिक, वह इस मामले में भारत लाया गया सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है, जिसकी गिरफ्तारी की गई है। ED की जांच के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और उसका एक अन्य सहयोगी रवि उप्पल दुबई से महादेव ऑनलाइन बुक नाम से अवैध सट्टेबाजी का कारोबार संचालित करते थे। इसके लिए भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बेटिंग पैनल की फ्रेंचाइजी बनाई गई थीं।

सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा की जाती थी और बाद में हवाला के जरिए भारत से बाहर भेजी जाती थी। ED ने 20 अक्टूबर 2023 को दर्ज अपनी मुख्य शिकायत में सिंडिकेट की अनुमानित कमाई करीब 450 करोड़ रुपए प्रतिमाह बताई थी। ED के अनुसार, सितंबर 2023 में सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुआ। इसके बाद 4 सितंबर 2023 को विशेष अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। ED के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। सौरभ ने वारंट को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन 22 मार्च 2025 को उसकी याचिका खारिज कर दी गई।

जांच एजेंसी के मुताबिक, सौरभ ने भारतीय पासपोर्ट होने के बावजूद वानुआतु का पासपोर्ट हासिल कर लिया था। उसने विशेष अदालत के सामने भारतीय नागरिकता छोड़ने का दावा भी किया था। सौरभ चंद्राकर को भारत लाने के लिए ED ने भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत कूटनीतिक माध्यमों से कार्रवाई की। ओमान की मस्कट स्थित अपील अदालत ने 8 अक्टूबर 2026 को उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया। भारतीय दूतावास की ओर से उसकी भारतीय नागरिकता की पुष्टि किए जाने के बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ी।

जांच एजेंसी के मुताबिक, मस्कट अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से रवाना होते समय उसे फर्जी यात्रा दस्तावेज के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम 1 नवंबर 2026 को उसे मस्कट से भारत लेकर आई थी। ED की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, महादेव सट्टा ऐप मामले में अब तक करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ली जा चुकी है। जांच एजेंसी ने लगभग 2,000 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त या फ्रीज की है। इसके अलावा करीब 3,500 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की गई हैं। विदेशों में भी करीब 1,800 करोड़ रुपए की संपत्ति की पहचान की गई है। इसमें दुबई की 22 अचल संपत्तियां शामिल हैं। इस मामले में ED अब तक 116 आरोपियों के खिलाफ 6 अभियोजन शिकायतें दाखिल कर चुकी है। सौरभ चंद्राकर इस प्रकरण में गिरफ्तार होने वाला 15वां व्यक्ति है।

शादी में 200 करोड़ खर्च करने का दावा
ED की जांच में सौरभ चंद्राकर की फरवरी 2023 में दुबई के रास अल खैमाह में हुई शादी भी सामने आई थी। एजेंसी के मुताबिक, इस शादी में करीब 200 करोड़ रुपए नकद खर्च किए गए थे। मेहमानों को नागपुर से UAE ले जाने के लिए तीन चार्टर्ड विमान लगाए गए थे। ED ने इवेंट मैनेजमेंट कंपनी, होटलों और हवाला कारोबार से जुड़े लोगों के माध्यम से पैसों के लेन-देन की पड़ताल की। मेहमानों की सूची के आधार पर सिंडिकेट के प्रबंधन से जुड़े लोगों की पहचान भी की गई।
अब सहयोगियों और विदेशी संपत्तियों को लेकर होगी पूछताछ
ED की कस्टडी में सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डाटा और दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की जाएगी। खासतौर पर विदेशों में बनाई गई कंपनियों, संपत्तियों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े लेन-देन की जानकारी जुटाई जाएगी। जांच एजेंसी का कहना है कि महादेव ऑनलाइन बुक मामले में आगे की जांच जारी है।



































