KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि 13 वर्षीय लड़की को किस करने पर उसके परिजनों ने 18 वर्षीय बॉयफ्रेंड, उसके पिता और एक दोस्त के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, कथित तौर पर तमंचे के दम पर तीनों के कपड़े उतरवाकर उन्हें सड़क पर करीब 50 मीटर तक घुमाया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था 18 वर्षीय युवक
पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार शाम को कोलकाता के सरशुना थाना क्षेत्र में खालपार मैदान के पास हुई। बताया गया है कि 18 वर्षीय युवक अपने एक दोस्त के साथ अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था। जांच में सामने आया कि लड़की की उम्र 13 साल है। आरोप है कि मुलाकात के दौरान युवक ने लड़की को किस किया। इसी बीच लड़की के चाचा वहां पहुंच गए और युवक तथा उसके दोस्त को पकड़ लिया।
पिता और दोस्त को भी बनाया निशाना
आरोप है कि लड़की के परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद युवक और उसके दोस्त के साथ मारपीट की गई और युवक के पिता को भी वहां बुलाया गया। पीड़ित पिता की शिकायत के अनुसार, लड़की के पिता, भाई और मामा ने कथित तौर पर उनकी कनपटी पर तमंचा रखकर कपड़े उतरवाए। इसके बाद तीनों को बिना कपड़ों के करीब 50 मीटर तक घुमाया गया और उनका वीडियो भी बनाया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। हालांकि, घटना से जुड़े सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
शिकायत के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद युवक के पिता ने सरशुना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास, खतरनाक हथियार से हमला, बंधक बनाने और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।





































