KANKER NEWS छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नाबालिग युवती से दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 23 वर्षीय युवक सौरभ कुमार निर्मलकर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने युवती की नाबालिग उम्र की जानकारी होने के बावजूद उसे प्रेम संबंध और शादी का भरोसा दिलाकर शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

शादी का भरोसा देकर बनाए शारीरिक संबंध
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी सौरभ कुमार निर्मलकर कांकेर जिले के कोलियारी आवासपारा का निवासी है। आरोप है कि उसने फरवरी 2026 से युवती को शादी का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।

पॉक्सो एक्ट समेत इन धाराओं में केस दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर आमाबेड़ा थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 64(2)(m) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
पुलिस के अनुसार, आरोपी को 27 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल, मामले की आगे की जांच आमाबेड़ा पुलिस कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
इस मामले में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी संतोष जैन के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।




































