RAIPUR NEWS. सोशल मीडिया पर क्रेडिट कार्ड का ऑफर देखकर आवेदन करना भाठागांव के 47 वर्षीय विनोद कुमार को महंगा पड़ गया। आवेदन के अगले ही दिन एक ठग ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी बताकर फोन किया। उसने वीडियो केवाईसी पूरी करने के नाम पर WhatsApp पर लिंक भेजा। लिंक के जरिए विनोद से आधार, पैन और पुराने क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेने के बाद उनके पंजाब नेशनल बैंक के क्रेडिट कार्ड से तीन बार में कुल 2.20 लाख रुपए निकाल लिए गए। विनोद कुमार ने मामले की शिकायत पुरानी बस्ती थाने में की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक ढेबर सिटी, भाठागांव निवासी विनोद कुमार ने 23 सितंबर को Instagram पर आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड का ऑफर देखा था। उन्होंने ऑफर में दिए गए माध्यम से क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया। अगले दिन 24 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का स्टाफ बताया। उसने क्रेडिट कार्ड की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए विनोद से उनके पुराने क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी ली।

इसके बाद ठग ने कहा कि क्रेडिट कार्ड के लिए वीडियो KYC जरूरी है। उसने विनोद के WhatsApp पर एक लिंक भेजा और उसी के जरिए KYC पूरी करने के लिए कहा। विनोद ने लिंक के माध्यम से पैन कार्ड, आधार कार्ड और पंजाब नेशनल बैंक के क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा कर दी। जानकारी देने के कुछ समय बाद उनके क्रेडिट कार्ड से लगातार तीन ट्रांजैक्शन हुए।

90-90 हजार और फिर 40 हजार निकाले
ठगों ने विनोद के क्रेडिट कार्ड से पहली बार 90 हजार रुपए, दूसरी बार 90 हजार रुपए और तीसरी बार 40 हजार रुपए निकाल लिए। इस तरह कुल 2 लाख 20 हजार रुपए की ठगी हुई। क्रेडिट कार्ड से रकम निकलने के बाद विनोद को ठगी का पता चला। उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुरानी बस्ती पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।

सोशल मीडिया के ऑफर में भी बरतें सावधानी
यह मामला सोशल मीडिया पर दिखने वाले क्रेडिट कार्ड और बैंकिंग ऑफर को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत बताता है। बैंक कर्मचारी बनकर फोन करने वाले व्यक्ति को अपनी बैंकिंग या कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी देने से पहले उसकी पहचान की पुष्टि करना जरूरी है। किसी अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक पर KYC के नाम पर आधार, पैन या कार्ड की जानकारी साझा करने से भी बचना चाहिए।


































