BILASPUR NEWS. रेलवे कर्मचारी से झपटमारी और बुर्का पहनकर घर में घुसकर हथियार दिखाते हुए लूट की दो सनसनीखेज वारदातों का खुलासा करते हुए कोटा पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया 100 प्रतिशत माल बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई में पिस्टल, सोने के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त अर्टिगा कार और मोटरसाइकिल समेत 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाओं की साजिश राकेश जयसवाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। आरोपी राकेश ने कथित तौर पर अपने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई और पिस्टल की व्यवस्था के लिए सनी सिंह से संपर्क किया। पुलिस के मुताबिक सनी सभी को रीवा ले गया, जहां अपने भाई के माध्यम से पिस्टल उपलब्ध कराई।

रेलवे कर्मचारी को धक्का देकर छीना था बैग
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपये की कलेक्शन राशि लेकर जा रहे रेलवे कर्मचारी को बड़े बराबर मोड़ स्थित सलका डैम के पास अज्ञात लोगों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने कर्मचारी का बैग झपट लिया और उसे धक्का देकर गिरा दिया था। इस मामले में कोटा थाना में अपराध क्रमांक 559/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
बुर्का पहनकर घर में घुसे, एयर गन दिखाकर लूटे जेवर
दूसरी वारदात 18 जुलाई 2026 को हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी बुर्का पहनकर राजकुमारी जायसवाल के घर में घुसे और मारपीट के बाद हथियारनुमा एयर गन दिखाकर सोने के आभूषण लूट लिए। लूटे गए आभूषणों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में भी कोटा पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

ऐसे पहुंचा पुलिस तक पूरा गिरोह
पुलिस ने घटना स्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश जयसवाल, दिव्यांशु जायसवाल, आदर्श तिवारी, हर्ष नामदेव, हर्ष सोनी और सनी सिंह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार राकेश, दिव्यांशु और आदर्श ने दोनों वारदातों को अंजाम देने की योजना बनाई थी।

लूट का सोना ज्वेलरी कारोबारी को बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक लूटे गए सोने के आभूषणों को हर्ष नामदेव की मदद से हर्ष सोनी को बेचा गया। हर्ष सोनी ज्वेलरी का कारोबार करता है। पुलिस ने मामले में आभूषण और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
1 पिस्टल, सोने के आभूषण, घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार क्रमांक सीजी 10 बीएल 1645, प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 ईएन 4637 और 6 मोबाइल फोन।
पुलिस की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, एएसआई शिवकुमार साहू, एएसआई भरत राठौर, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, आरक्षक संजय श्याम सहित कोटा थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए नगद इनाम घोषित किया है।





































