RAIPUR NEWS. रायपुर में खेल प्रतिभाओं के लिए राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश का मौका है। विभाग की ओर से नए प्रवेश और पुराने खिलाड़ियों के प्रवेश नवीनीकरण के लिए 23 और 24 सितंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल में छत्तीसगढ़ के साथ दूसरे राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं। खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल होने से पहले निर्धारित दस्तावेजों के साथ पंजीयन कराना होगा। 23 सितंबर को पंजीयन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में होगा।

आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र या जन्मतिथि वाली प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करना अनिवार्य है। गैर-आवासीय बालक-बालिका तीरंदाजी तथा बालिका फुटबॉल के लिए चयन प्रक्रिया 23 सितंबर को होगी। फुटबॉल खिलाड़ियों का ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में और तीरंदाजी खिलाड़ियों का ट्रायल तीरंदाजी एरिना, बालिका खेल छात्रावास के सामने आयोजित किया जाएगा। इस दिन खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सकीय जांच, शारीरिक दक्षता परीक्षण और खेल कौशल परीक्षण किया जाएगा।

गैर-आवासीय बालक-बालिका हॉकी और बालक-बालिका एथलेटिक्स के लिए चयन ट्रायल 24 सितंबर को सुबह 7 बजे से आयोजित होगा। हॉकी का ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा तथा सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-02 में होगा। एथलेटिक्स के लिए भी निर्धारित चयन प्रक्रिया स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में होगी। इन खेलों में शामिल खिलाड़ियों का भी पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल टेस्ट, शारीरिक दक्षता और खेल कौशल परीक्षण किया जाएगा।

प्रदर्शन के आधार पर होगा चयन
चयन ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन चयन समिति करेगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन खेल अकादमियों के लिए किया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत शासन की ओर से कई सुविधाएं दी जाएंगी। इनमें निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इससे 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा को बेहतर प्रशिक्षण के साथ आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।






































