BHILAI NEWS. खेल प्रेमियों और फिटनेस के प्रति जागरूक युवाओं के लिए एक बड़ी और उत्साहजनक खबर है। भिलाई के सिविक सेंटर स्थित प्रगति भवन (ऑफिसर्स एसोसिएशन-बीएसपी बिल्डिंग) में 26 और 27 सितंबर को ‘छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस मेगा इवेंट में प्रदेश भर से लगभग 250 महिला और पुरुष खिलाड़ी अपनी शक्ति और खेल कौशल का लोहा मनवाएंगे।

इस दो दिवसीय स्पर्धा में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर्स वर्ग (9+9 भार समूह) के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण यह है कि इसमें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के नामी-गिरामी पावरलिफ्टर भी शामिल हो रहे हैं।

राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए होगा चयन
यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के भविष्य के लिए बेहद अहम है। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बनने वाले खिलाड़ियों को नवंबर महीने में दुर्ग में होने वाली ‘वेस्ट जोन राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता’ के लिए छत्तीसगढ़ की टीम में चुना जाएगा।

‘बेस्ट लिफ्टर’ को मिलेगा विशेष सम्मान
प्रतियोगिता को दो चरणों में बांटा गया है। 26 सितंबर को सुबह 10:00 बजे प्रतियोगिता का शानदार उद्घाटन होगा और इसी दिन पुरुष वर्ग के मुकाबले संपन्न होंगे। वहीं, 27 सितंबर को सुबह 8:00 बजे से महिला खिलाड़ियों का चरण शुरू होगा। विजेताओं को उनके वर्ग की समाप्ति के तुरंत बाद पदक, प्रमाण पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। स्पर्धा का समापन 27 सितंबर को शाम 4:00 बजे होगा, जिसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को ‘बेस्ट लिफ्टर ऑफ़ छत्तीसगढ़’ के प्रतिष्ठित खिताब से नवाज़ा जाएगा।

छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश जैन बरमेचा और महासचिव कृष्णा साहू ने बताया कि यह पूरी प्रतियोगिता इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग फेडरेशन और पावरलिफ्टिंग इंडिया के सख्त नियमों के तहत आयोजित की जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमाणित निर्णायक (Referees) और जूरी विशेष रूप से भिलाई पहुंच रहे हैं।
Dwadashi Rashifal 23 Sept: बुधवार को द्वादशी पर बुधादित्य योग, 3 राशि को सरकारी लाभ, 4 राशि मालामाल




































