RAIPUR NEWS. गणेश उत्सव के दौरान शहर के प्रमुख पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने शहर के 9 प्रमुख भीड़ प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी देते हुए जरूरी काम से निकलने वाले लोगों से इन मार्गों से बचने और संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से पंडालों के सामने वाहन पार्क नहीं करने को कहा है।

इसके साथ ही मुख्य मार्ग पर वाहन रोककर भीड़ बढ़ाने से बचने और एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड व पुलिस वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने की अपील की गई है। यातायात पुलिस ने लोगों से पंडालों के सामने वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। मुख्य सड़क पर वाहन रोककर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ाने से भी बचने कहा गया है। पुलिस ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने की अपील की है कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों के लिए सड़क पर पर्याप्त जगह बनी रहे।

इन रास्तों पर बढ़ सकता है ट्रैफिक दबाव
हरदेव लाला मंदिर-झूलेलाल चौक: टिकरापारा स्थित हरदेव लाला मंदिर से झूलेलाल चौक और नहरपारा की ओर जाने वाले मार्ग पर भीड़ का दबाव रहने की संभावना है। जरूरी काम से जाने वाले लोग वैकल्पिक रास्ता अपनाएं।
प्रभात टॉकीज चौक: प्रभात टॉकीज चौक क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण ट्रैफिक बढ़ सकता है।
पुरानी बस्ती थाना-लाखेनगर चौक: पुरानी बस्ती थाना से लाखेनगर चौक जाने वाले मार्ग के बजाय आसपास के वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
सुंदर नगर-लाखेनगर चौक: सुंदर नगर से लाखेनगर चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर भी यातायात का दबाव रहने की संभावना है।

तेलीबांधा नाका-राठौर चौक: तेलीबांधा नाका से राठौर चौक जाने वाले मार्ग पर भीड़ बढ़ सकती है।
राठौर चौक-रामसागरपारा: राठौर चौक से रामसागरपारा की ओर जाने वाले रास्ते पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही का असर ट्रैफिक पर पड़ सकता है।
बाजार चौक मोवा-मंदिर क्षेत्र: बाजार चौक मोवा-मंदिर के आसपास भी भीड़ रहने की संभावना को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी से निकलने की सलाह दी गई है।
रायपुरा बाजार-किराया भंडार: रायपुरा बाजार से किराया भंडार क्षेत्र में भी यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।
महादेव घाट रोड-शीतला मंदिर: महादेव घाट रोड और शीतला मंदिर के आसपास भी गणेश उत्सव के चलते भीड़ रहने की संभावना है।

गणेश उत्सव के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए वाहन चालकों से निकलने से पहले मार्ग की स्थिति का ध्यान रखने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।





































