KANKER NEWS. छत्तीसगढ़ के कांकेर में 17 वर्षीय नाबालिग युवती के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की और साइबर टीम की मदद से महज चार घंटे के भीतर नाबालिग को बरामद कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चारों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
मामला कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर की शाम शहर के नजदीक रहने वाली 17 वर्षीय युवती घूमने के लिए निकली थी। इसी दौरान दो युवक उसे कथित तौर पर जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।
सुनसान जगह का उठाया फायदा
बताया गया है कि दोनों आरोपी युवती को कोरर क्षेत्र के पहाड़ी जंगल की तरफ ले गए, जहां उनके दो अन्य साथी पहले से मौजूद थे। युवती ने विरोध किया और मदद की कोशिश भी की, लेकिन सुनसान इलाका होने के कारण तत्काल सहायता नहीं मिल सकी।

इस बीच युवती ने अपने परिजनों से संपर्क करने और मदद मांगने की कोशिश की। हालांकि, उसकी लोकेशन स्पष्ट नहीं होने के कारण परिजन तत्काल उसे तलाश नहीं कर सके।

परिजनों की सूचना पर एक्टिव हुई पुलिस
युवती के परिजनों ने तत्काल कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मामला सामने आते ही पुलिस ने टीमों को सक्रिय किया और साइबर टीम की मदद से युवती की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास शुरू किया।

कुछ ही घंटों की कार्रवाई के बाद पुलिस ने युवती को कोरर क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही और जांच में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
युवती के बयान के आधार पर केस दर्ज
पुलिस ने नाबालिग के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल मंडावी, संतोष मंडावी, भूपेश दर्रो और मनीष सेवता के रूप में हुई है।
कांकेर के एएसपी योगेश साहू ने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।






































