JANJGIR NEWS. छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में दहेज और पैसों की मांग को लेकर पत्नी को प्रताड़ित करने तथा आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लव कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 80(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पेड़ पर लटका मिला था महिला का शव
दरअसल, बिरगहनी गांव में बंधवा तालाब के पास एक पेड़ पर महिला का शव लटका हुआ मिला था। जांच के दौरान मृतका की पहचान सोंठी गांव निवासी श्रद्धा पटेल के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मृतका के परिजनों से पूछताछ की, जिसमें पति पर गंभीर आरोप सामने आए।
शादी के डेढ़ साल बाद से कर रहा था प्रताड़ित
परिजनों के मुताबिक, शादी के करीब डेढ़ साल बाद से ही लव कुमार पटेल अपनी पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोप है कि वह मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था और इसके लिए पत्नी के साथ मारपीट भी करता था।

अकलतरा से गिरफ्तार हुआ आरोपी पति
मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी थी। घटना के बाद से आरोपी पति फरार चल रहा था। आखिरकार सिटी कोतवाली पुलिस ने उसे अकलतरा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।




































