KHAIRAGARH NEWS. खैरागढ़ में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण राजपूत भवन से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शनकारियों ने धरना देकर विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की। इस दौरान खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।

प्रदर्शन में क्षेत्र की सड़कों और पुल-पुलियों की स्थिति के अलावा मूड़ीपार कॉलेज के संचालन तथा ठेकाडीह में स्कूल-कॉलेज के लिए नए भवन निर्माण का मुद्दा उठाया गया। विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामले लंबे समय से लंबित हैं। उनके मुताबिक इन मुद्दों को पहले भी सदन और अन्य मंचों पर उठाया गया है।

कांग्रेस ने किसानों से जुड़े मुद्दों को भी ज्ञापन में शामिल किया। प्रदर्शन के दौरान खाद और बिजली की लागत, किसानों को मुआवजा और बीमा राशि से संबंधित मामलों के साथ सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का मुद्दा उठाया गया। विधायक ने इन समस्याओं का असर किसानों की खेती और आर्थिक स्थिति पर पड़ने की बात कही।

प्रदर्शन के बाद विधायक और कांग्रेस प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं राज्य शासन से संबंधित विषयों को शासन स्तर पर भेजे जाने की बात कही गई।

प्रदर्शन के चलते राजपूत भवन से कलेक्ट्रेट तक रैली और धरने का असर शहर के यातायात पर भी पड़ा। अब ज्ञापन में उठाए गए स्थानीय और राज्य स्तर से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन एवं शासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी।






































