NEW DELHI NEWS. अरब सागर में भारत और पाकिस्तान के युद्धपोतों के बीच टक्कर की घटना से समुद्री सुरक्षा को लेकर हलचल मच गई है। अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में गश्त कर रहे भारतीय नौसेना के युद्धपोत से पाकिस्तानी नौसेना का जहाज PNS हुनैन टकरा गया। घटना के बाद भारत ने कड़ा कूटनीतिक रुख अपनाते हुए नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के चार्ज डी’अफेयर्स को तलब किया और घटना पर सख्त विरोध दर्ज कराया।

तेज रफ्तार में आया पाकिस्तानी जहाज
विदेश मंत्रालय के अनुसार भारतीय युद्धपोत अरब सागर में नियमित निगरानी और गश्त मिशन पर तैनात था। इसी दौरान पाकिस्तानी नौसेना का जहाज तेज रफ्तार में वहां पहुंचा और अचानक गलत दिशा में मुड़ गया। इसके चलते दोनों जहाजों के बीच टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि टक्कर में पाकिस्तानी जहाज को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, भारतीय नौसेना के जिस युद्धपोत से PNS हुनैन की टक्कर हुई, उसका नाम फिलहाल आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक नहीं किया गया है।

भारत ने जताया कड़ा विरोध
घटना को लेकर भारत ने पाकिस्तान के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। भारतीय पक्ष ने इसे गैर-पेशेवर, गैर-जिम्मेदाराना और अस्वीकार्य व्यवहार बताया है। घटना के बाद दोनों देशों के बीच समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा और संचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

2011 में भी हुई थी टक्कर
भारत और पाकिस्तान के नौसैनिक जहाजों के बीच समुद्र में टक्कर की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 2011 में भी अरब सागर में दोनों देशों के नौसैनिक जहाजों के बीच टक्कर की घटना सामने आई थी। हालिया घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद यह मामला चर्चा में है।






































