BILASPUR NEWS. सरकंडा थाना क्षेत्र में शातिर ठगों ने नाती की तबीयत खराब होने का झांसा देकर 66 वर्षीय वृद्ध महिला से साढ़े 3 तोले सोने के जेवर ठग लिए। ठग महिला को ऑटो में बैठाकर बहतराई चौक के पास सुनसान जगह ले गए, जहां जेवर उतरवाकर कागज में लपेटने का नाटक किया और सोने की जगह लोहे का चूड़ा थमा दिया। घटना थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर होने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

नाती की तबीयत खराब होने का दिया झांसा
मिली जानकारी के अनुसार राजकिशोर नगर निवासी रमंती उपाध्याय (66) बुधवार शाम करीब 6 बजे अपने नाती के साथ साड़ी खरीदने वसंत बिहार चौक गई थीं। इसी दौरान ऑटो सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने महिला से बातचीत शुरू की और नाती की तबीयत खराब होने की बात कही। आरोपियों की बातों में आकर महिला ने नाती को घर भेज दिया। इसके बाद दोनों युवक महिला को अपने ऑटो में बैठाकर बहतराई चौक की ओर ले गए।

सुनसान जगह ले जाकर उतरवाए जेवर
बहतराई चौक के पास ऑटो से उतरने के बाद आरोपी महिला को पैदल डी-मार्ट के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां आरोपियों ने कथित तौर पर झांसा और लालच देकर महिला से उसके पहने हुए सोने के जेवर उतरवा लिए। महिला ने करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन, 8 ग्राम की अंगूठी और करीब दो तोले की सोने की चूड़ियां आरोपियों को दे दीं।

कागज में सोना लपेटने का नाटक, हाथ में थमा दिया लोहे का चूड़ा
ठगों ने महिला के सामने जेवरों को कागज में लपेटने का नाटक किया। इसी दौरान उन्होंने महिला का ध्यान भटकाकर कागज के अंदर सोने के जेवरों की जगह लोहे का चूड़ा रख दिया। इसके बाद कुछ देर में वापस आने की बात कहकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला ने जब कागज खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए। जेवर गायब थे और अंदर लोहे का चूड़ा रखा था।

सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
घटना के बाद महिला ने अपने बड़े बेटे को पूरी जानकारी दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में दोनों संदिग्ध महिला को ऑटो से उतारकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों और ऑटो की पहचान करने में जुटी है।
महिला की तबीयत बिगड़ने के कारण तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






































