DURG NEWS: जिले के अंजोरा चौकी क्षेत्र में देर रात दो युवकों के साथ चाकूबाजी और लूट की घटना सामने आई है। घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। दोनों युवक महमरा क्षेत्र में नदी किनारे मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उनसे गांजा पीने को लेकर सवाल किया।
पीड़ितों के मुताबिक, दोनों ने गांजा पीने से इनकार किया, जिसके बाद बाइक सवार युवक वहां से चले गए। आरोप है कि कुछ देर बाद दोनों युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और बंदूक दिखाकर चाकू से हमला कर दिया।
जान बचाकर भागे दोनों युवक
अचानक हुए हमले से घबराए दोनों युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकले। हमले में कमल निषाद के कूल्हे और लोकेश निषाद की जांघ में गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
मोबाइल, नगदी और बाइक लूटने का आरोप
पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने चाकू से हमला करने के बाद उनके पास मौजूद नगदी और मोबाइल फोन छीन लिए। इसके साथ ही आरोपी उनकी बाइक भी लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





































