KORBA NEWS. करतला थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टॉवर पर चढ़कर जा बैठा। युवक को टॉवर के शीर्ष पर बैठा देख परिजनों और ग्रामीणों के होश उड़ गए। पत्नी और बच्चे नीचे से उसे उतरने की गुहार लगाते रहे, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। करीब छह घंटे तक चले मान-मनौव्वल के बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश से युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।

टॉवर पर चढ़ा युवक, नीचे जुट गई भीड़
बताया गया कि युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। रविवार दोपहर वह अचानक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया और ऊपर जाकर बैठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
युवक की पत्नी, बच्चे और ग्रामीण काफी देर तक नीचे से उसे समझाते रहे और नीचे आने की अपील करते रहे, लेकिन वह टॉवर से उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ।

हजारों वोल्ट के करंट के बीच जान का खतरा
हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर युवक के चढ़ने से स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई थी। बिजली लाइन में प्रवाहित करंट के कारण किसी भी तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती थी। सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से तहसीलदार को भी बुलाया गया।
पुलिस और प्रशासन की टीम ने सुरक्षा का ध्यान रखते हुए युवक से लगातार बातचीत शुरू की और उसे नीचे उतरने के लिए समझाती रही।

छह घंटे बाद मानी बात, सुरक्षित नीचे उतरा
करीब छह घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार युवक पुलिस और प्रशासन की समझाइश से नीचे उतरने के लिए राजी हो गया। उसके सुरक्षित नीचे आते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

नशे में था युवक, कारण स्पष्ट नहीं
थाना प्रभारी गणेश यादव के अनुसार युवक अत्यधिक शराब के नशे में था। नशे की हालत के कारण वह यह स्पष्ट नहीं कर सका कि आखिर उसने इतना खतरनाक कदम क्यों उठाया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।





































