KORBA NEWS. कोरबी चौकी क्षेत्र के पनगांव ग्राम में पारिवारिक विवाद ने उस वक्त खूनी रूप ले लिया, जब एक भतीजे ने अपने ही चाचा पर फरसी से हमला कर उनकी जान ले ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भतीजे दुर्गेश को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फरसी भी बरामद कर ली है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पनगांव निवासी गुलाब सिंह का अपनी मां और आरोपी दुर्गेश की दादी से किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों के बीच तीखी बहस चल रही थी। इसी दौरान दुर्गेश वहां पहुंच गया। दादी और चाचा के बीच विवाद होता देख वह आक्रोशित हो गया।

गुस्से में उठाई फरसी और कर दिया हमला
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दुर्गेश ने अपना आपा खो दिया और चाचा गुलाब सिंह पर फरसी से हमला कर दिया। हमले में गुलाब सिंह के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा, फरसी बरामद
घटना की सूचना मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुर्गेश को हिरासत में ले लिया तथा वारदात में इस्तेमाल फरसी भी बरामद कर ली।

पारिवारिक विवाद बना खूनी वारदात की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ सामने आया है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।






































