RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में 26 दिन बाद बड़ा खुलासा हुआ है। सुभाष ब्लॉक एसईसीएल कॉलोनी में अंकित सोनवानी की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी प्रिया सोनवानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि अंकित और प्रिया ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था।

पैर में चाकू लगने से हुआ था गहरा घाव
घटना 15 जुलाई की बताई जा रही है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के सुभाष ब्लॉक में अंकित सोनवानी गंभीर हालत में मिला था। उसके पैर में चाकू लगने से गहरा घाव हो गया था और काफी खून बह रहा था। परिजन उसे तत्काल एसईसीएल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, निजी अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया।

शराब पीने को लेकर होता था विवाद
अंकित की मौत के बाद उसकी बहन अंकिता समेत परिजनों ने उसकी पत्नी प्रिया पर गंभीर आरोप लगाए और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की। परिजनों के मुताबिक, दोनों ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। शराब पीने की बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।

पुलिस जांच के अनुसार, विवाद के दौरान प्रिया ने कथित तौर पर अंकित के पैर में चाकू मार दिया। इससे पैर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

खून का थक्का बनने में लगता था ज्यादा समय
जांच में यह भी सामने आया कि अंकित को ऐसी बीमारी थी, जिसके कारण उसके खून का थक्का सामान्य व्यक्ति की तुलना में अधिक समय में बनता था। पुलिस के अनुसार, उसकी पत्नी प्रिया को भी इस बीमारी की जानकारी थी। ऐसे में पैर में लगी चोट के बाद लगातार रक्तस्राव होने से उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने घटना के 26 दिन बाद प्रिया सोनवानी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।





































