BILASPUR NEWS. रतनपुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर के मुख्य द्वार के पास शनिवार को चोरी के पुराने विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि भाजपा से जुड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा (अल्पसंख्यक) की मंडल महामंत्री रेहाना बेगम द्वारा एक युवक की चप्पल से पिटाई किए जाने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में रतनपुर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मंदिर रोड निवासी तुषार पटेल प्रसाद और होटल की दुकान संचालित करते हैं। करीब एक सप्ताह पहले उनकी दुकान से सामान चोरी होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे तुषार ने महामाया मंदिर गेट के पास अपनी दुकान के पूर्व कर्मचारी करिया उर्फ मनोज को देखा। चोरी के संबंध में पूछताछ के दौरान विवाद की स्थिति बन गई।
आरोप है कि इसके बाद मोंटी ने रेहाना बेगम को मौके पर बुला लिया। उनके पहुंचते ही दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद हाथापाई और मारपीट में बदल गया।

बीच-बचाव करने पहुंची महिला पदाधिकारी से भी मारपीट का आरोप
तुषार पटेल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि विवाद शांत कराने पहुंचीं उनकी बहन मेघा प्रधान, जो भाजपा की मंडल सोशल मीडिया प्रभारी हैं, और ईश्वर प्रधान के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान शर्ट फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है। तुषार ने मारपीट में मुंह, पीठ, दाहिने हाथ की अंगुली और पैर में चोट आने की बात कही है।

दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप
वहीं, रेहाना बेगम ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वह महामाया मंदिर परिसर में फूल बेचने का काम करती हैं। मोंटी धीवर की सूचना पर जब वह मौके पर पहुंचीं, तो राजा पटेल, मेघा पटेल, ईश्वर प्रधान और राजू शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। उन्होंने बाल पकड़कर मारने, हाथ मरोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

वायरल वीडियो और CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मारपीट की घटना के दौरान मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाया, जबकि मंदिर परिसर के आसपास लगे CCTV कैमरों में भी घटना कैद होने की बात सामने आई है। वायरल वीडियो में चप्पल से युवक की पिटाई का दृश्य दिखाई दे रहा है। पुलिस अब वीडियो और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।





































