BILASPUR NEWS. कोनी थाना क्षेत्र के बिरकोना गांव में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली दो छात्राओं के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया है। दोनों छात्राएं शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद अपनी सहेलियों के साथ पैदल घर लौट रही थीं। रास्ते में दुकान से सामान लेने की बात कहकर दोनों सहेलियों से अलग हो गईं, लेकिन इसके बाद घर नहीं पहुंचीं। देर शाम तक तलाश के बावजूद जब दोनों का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने कोनी थाने पहुंचकर अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिरकोना निवासी एक ग्रामीण की 15 वर्षीय बेटी शनिवार सुबह अपनी सहपाठी के साथ रोज की तरह स्कूल गई थी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों अन्य सहेलियों के साथ पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में दोनों ने दुकान से कुछ सामान खरीदने की बात कही और सहेलियों से अलग हो गईं। सहेलियां अपने-अपने घर चली गईं, लेकिन दोनों छात्राएं देर शाम तक घर नहीं पहुंचीं।


परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से की पूछताछ
छात्राओं के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश शुरू की। सहेलियों से पूछताछ की गई और रिश्तेदारों व परिचितों से भी जानकारी ली गई, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन कोनी थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों ने छात्राओं के साथ किसी अनहोनी या अपहरण की आशंका जताई है।

अपहरण का केस दर्ज, रास्तों और आसपास के इलाकों में तलाश
कोनी पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर अपहरण का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस छात्राओं के स्कूल से घर जाने वाले रास्ते, आसपास की दुकानों और संभावित स्थानों पर पूछताछ कर रही है। पुलिस टीम गांव के लोगों और छात्राओं के परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है। दोनों छात्राओं के अचानक लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है और पुलिस जल्द से जल्द उनका पता लगाने के प्रयास में जुटी है।







































