BILASPUR NEWS. तखतपुर थाना क्षेत्र के जूनापारा पुलिस चौकी के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जूनापारा चौकी के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

तीनों शवों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भिजवा दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि उनके पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस आसपास के गांवों और थानों से संपर्क कर मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

सीसीटीवी खंगालकर फरार ट्रक की तलाश
जूनापारा पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और ट्रक का पता लगाने के लिए मुख्य मार्गों के साथ ही आसपास के ढाबों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही ट्रक का सुराग लगाकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





































