SHAHDOL NEWS. मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में राजस्व विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। सोहागपुर तहसील के हल्का नंबर 72 में पदस्थ पटवारी आशीष सोनकर पर एक युवती ने रिश्वत मांगने, पद का कथित दुरुपयोग करने और वॉट्सऐप पर आपत्तिजनक बातचीत के आरोप लगाए हैं। युवती ने मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से की है। शिकायत के साथ कथित वॉट्सऐप चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी सौंपे जाने की बात कही गई है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जमीन के काम के बदले 20 हजार रुपये मांगने का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और ग्राम पंचायत चापा में उसकी पुश्तैनी जमीन है। जमीन से जुड़े काम और जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए उसने पटवारी से संपर्क किया था। युवती का आरोप है कि काम कराने के बदले उससे 20 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत में उसने दावा किया है कि वह 15 हजार रुपये नकद दे चुकी थी, जबकि बाकी रकम देने की बात कही गई थी

वॉट्सऐप चैट में आपत्तिजनक संदेश भेजने का दावा
मामले का सबसे गंभीर आरोप कथित वॉट्सऐप बातचीत को लेकर है। युवती का दावा है कि पटवारी ने उसे निजी तौर पर मिलने के लिए कहा और बातचीत के दौरान आपत्तिजनक संदेश भेजे। शिकायत में युवती ने कुछ कथित संदेशों के स्क्रीनशॉट भी पेश किए हैं। उसका आरोप है कि पटवारी ने होटल में मिलने जैसी बातें कहीं। युवती ने इसे अपने शासकीय पद का दुरुपयोग और मानसिक दबाव बनाने का प्रयास बताया है।

शिकायत की बात कहने पर काम रोकने का आरोप
युवती के अनुसार, जब उसने मामले की शिकायत कलेक्टर से करने की बात कही तो विवाद बढ़ गया। उसका आरोप है कि इसके बाद जमीन संबंधी उसका काम रोक दिया गया और जाति प्रमाण-पत्र भी नहीं बनाया गया। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि पटवारी के सहयोगी रवि ने शिकायत नहीं करने के लिए उस पर दबाव बनाया और जान से मरवाने की धमकी दी।

दिसंबर से परेशान करने का दावा
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह दिसंबर से इस मामले को लेकर परेशान है। उसका आरोप है कि जमीन संबंधी काम में मदद के नाम पर उस पर लगातार दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे कथित तौर पर मिलने और बातचीत करने के लिए कहा जाता रहा।
कलेक्टर से दोबारा शिकायत, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की मांग
युवती के मुताबिक, उसने 22 अगस्त को भी कलेक्टर के समक्ष शिकायत और कुछ साक्ष्य पेश किए थे। अब उसने दोबारा लिखित शिकायत देकर कथित वॉट्सऐप चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। युवती ने मामले में विभागीय जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





































