KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में तेज बारिश के बाद दादर नाला उफान पर आ गया। नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि इसे पार करने की कोशिश कर रही तीन युवकों से भरी स्कॉर्पियो अचानक पानी की धारा में बह गई। घटना का लाइव वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में तीन युवक सवार थे। स्थानीय लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए उन्हें नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन वाहन सवार युवकों ने जोखिम उठाते हुए नाला पार करने की कोशिश की। जैसे ही स्कॉर्पियो तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंची, पानी के दबाव से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में बहने लगी।

स्कॉर्पियो करीब आधे घंटे तक तेज बहाव के बीच बहती और तैरती रही। इस दौरान तीनों युवक वाहन के ऊपर ही नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना के बाद नाले के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सामने आए वीडियो में स्कॉर्पियो को तेज बहाव के बीच बहते हुए साफ देखा जा सकता है। घटना एक बार फिर उफनते नदी-नालों को पार करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी की जरूरत को सामने लाती है।






































