KONDAGAON NEWS. कोंडागांव के डोंगरीपारा क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद से नाराज एक युवक 400 केवी की हाईवोल्टेज बिजली लाइन के करीब 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक करीब दो घंटे तक टावर पर बैठा रहा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें अटकी रहीं। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लगातार समझाइश के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया।

जानकारी के अनुसार, डोंगरीपारा निवासी संतोष कोर्राम (32) मजदूरी करता है। करीब दो वर्ष पहले उसकी पहली पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद उसने अपनी साली से दूसरी शादी कर ली थी। शनिवार को घर में पत्नी और चाचा के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि लगातार पारिवारिक तनाव और विवाद के कारण वह गुस्से में था और शराब के नशे में घर से निकल गया।
इसके बाद वह पास में स्थित 400 केवी की हाईवोल्टेज बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक को इतनी ऊंचाई पर देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। किसी अनहोनी की आशंका के चलते तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।

2 घंटे तक चला समझाने का सिलसिला
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार मनोज रावटे, सिटी कोतवाली पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हाईवोल्टेज लाइन से जुड़े इस मामले में अधिकारियों ने सावधानी और धैर्य के साथ युवक से बातचीत शुरू की।
करीब दो घंटे तक लगातार समझाइश का दौर चला। तहसीलदार मनोज रावटे और स्थानीय लोगों ने युवक को शांत कर नीचे उतरने के लिए राजी किया। इसके बाद पुलिस और राजस्व टीम की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

युवक ने माना— तनाव में उठाया था कदम
नीचे आने के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार की और दोबारा ऐसा कदम नहीं उठाने का भरोसा दिलाया। तहसीलदार मनोज रावटे ने बताया कि युवक पारिवारिक तनाव और नशे की हालत में था। समय रहते उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवक पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई।






































