BILASPUR NEWS. बिलासपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। पेंड्रा से बिलासपुर लौट रही यात्रियों से भरी पुष्पराज बस नाले पर बनी जर्जर पुलिया के बीचों-बीच धंस गई। बस में करीब 35 यात्री सवार थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पुल टूटने से बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

जानकारी के अनुसार पुष्पराज बस (क्रमांक CG 10 G 1464) रविवार को पेंड्रा से बिलासपुर की ओर आ रही थी। जैसे ही बस बांसाझाल-चपोरा आश्रम के समीप नाले पर बनी पुलिया पर पहुंची, पुल का बीच का हिस्सा अचानक धंस गया और बस वहीं फंस गई। अचानक हुए हादसे से बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।

बस चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि बस का संतुलन बिगड़ जाता या वह पलट जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा यात्रियों की मदद की। पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी स्थान पर लंबे समय से नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। उनका कहना है कि यदि नया पुल समय पर बन जाता तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।
घटना की जानकारी प्रशासन और संबंधित विभाग को दे दी गई है। फिलहाल मार्ग बंद है और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की तैयारी की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क और पुलों की गुणवत्ता तथा निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने सुरक्षित बच निकलने पर राहत की सांस ली, लेकिन कुछ पल के इस घटनाक्रम ने सभी को झकझोर कर रख दिया।






































