
LALITPUR NEWS : उत्तर प्रदेश के ललितपुर में एक 21 वर्षीय महिला की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। महिला जमीन पर बैठकर मोबाइल चला रही थी, तभी अचानक बेहोश होकर गिर गई। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के निवाड़ी निवासी आरती पत्नी बृजेश के रूप में हुई है। आरती 21 अगस्त को ललितपुर के नेहरू नगर स्थित अपने मायके आई थी। शनिवार शाम करीब 7 बजे वह कमरे में जमीन पर बैठकर मोबाइल चला रही थी। इसी दौरान उसका छोटा भाई कमरे में पहुंचा तो उसने आरती को अचानक गिरते देखा।

परिजन आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां करीब 7:15 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने शव मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को दी सूचना
आरती की मौत के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और पुलिस को सूचना दी। रविवार को आरती के पति बृजेश और उसकी मां रेखा ललितपुर पहुंचे।

परिजनों ने पुलिस और तहसीलदार के सामने नोटरी शपथ पत्र देकर पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव पति को सौंप दिया।

परिवार ने जताई हार्ट अटैक की आशंका
आरती की मां रेखा के मुताबिक, शनिवार शाम आरती ने चाय बनाई थी और परिवार के साथ बैठकर चाय पी थी। इसके बाद वह कमरे में जमीन पर बैठकर मोबाइल चला रही थी। अचानक वह गिर पड़ी। परिजनों ने आशंका जताई कि आरती की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई होगी। हालांकि पोस्टमार्टम नहीं कराया गया, इसलिए उसकी मौत की चिकित्सकीय वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दो साल पहले हुई थी शादी, 7 महीने की बेटी
परिजनों के मुताबिक आरती की शादी करीब दो साल पहले बृजेश से हुई थी। उसकी सात महीने की बेटी वैशाली है। आरती की अचानक मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष में शोक का माहौल है।





































