JHASNI NEWS: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बड़ागांव कस्बे में देर रात घर के अंदर सो रहे भाई-बहन को जहरीले सांप ने डस लिया। इस हादसे में 6 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी 4 वर्षीय बहन की हालत गंभीर बनी हुई है। बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

देर रात सोते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह घटना झांसी शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित बड़ागांव कस्बे के हरदौलपुरा मोहल्ले की है। रोज की तरह मां ने अपने दोनों बच्चों, 6 वर्षीय मयंक और 4 वर्षीय प्रगति, को खाना खिलाकर अपने साथ बिस्तर पर सुला दिया था।

तड़के करीब साढ़े तीन बजे सबसे पहले प्रगति के रोने की आवाज सुनाई दी। मां ने उसे उठाया और कमरे से बाहर ले गईं। इसी दौरान कुछ ही देर बाद बेटे मयंक की चीख सुनाई दी। जब मां वापस कमरे में पहुंचीं तो देखा कि एक काला सांप बच्चे के शरीर से लिपटा हुआ था और उसे कई जगह डस चुका था।

अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी हालत
घटना के तुरंत बाद परिजन दोनों बच्चों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने मयंक को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रगति को बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मासूम बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि रात में किसी को भी कमरे में सांप होने का अंदाजा नहीं था। उनका कहना है कि अगर समय रहते सांप दिखाई दे जाता, तो शायद बच्चे की जान बचाई जा सकती थी।

कुछ दिन पहले भी कमरे में निकला था सांप
परिजनों के मुताबिक, दो-तीन दिन पहले भी इसी कमरे में सांप का एक जोड़ा दिखाई दिया था। उस समय गांव वालों ने मिलकर एक सांप को मार दिया था, जबकि दूसरा सांप वहां से निकल गया था। इसी घटना के बाद गांव में कुछ लोग इस हादसे को सांप के जोड़े से जोड़कर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
सांप की तलाश जारी
घटना के बाद सांप पकड़ने वाली टीम को मौके पर बुलाया गया, लेकिन सांप बिल में घुस गया और उसे अब तक पकड़ा नहीं जा सका है। इसके बाद से इलाके के लोग भय के माहौल में हैं और आसपास के घरों में भी सतर्कता बरती जा रही है।





































