JHANSI NEWS. उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में शादी के महज डेढ़ महीने बाद एक पति ने अपनी पत्नी को कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ने का दावा किया है। पति का आरोप है कि इस दौरान पत्नी ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि उसके कथित प्रेमी ने मारपीट करते हुए गला दबाने की कोशिश की।शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पति को बचाया। इसके बाद पीड़ित अपने माता-पिता के साथ शिकायत लेकर झांसी एसएसपी कार्यालय पहुंचा और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

24 जून को हुई थी शादी
मामला चिरगांव थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले का बताया जा रहा है। पीड़ित पति के अनुसार, उसकी शादी 24 जून को मध्य प्रदेश के भांडेर निवासी युवती से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पति का आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी उसे चाय या दूध में नींद की गोलियां देने लगी थी। उसका दावा है कि पत्नी ऐसा कथित प्रेमी से बातचीत करने के लिए करती थी।

19 और 23 अगस्त की घटना
पीड़ित के मुताबिक, 19 अगस्त को उसने कथित प्रेमी के घर में पत्नी को लेकर आपत्ति जताई थी। इसके बाद 23 अगस्त को उसने दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। पति का आरोप है कि विरोध करने पर पत्नी ने उसके हाथ पकड़ लिए और युवक ने उसके साथ मारपीट करते हुए गला दबाने का प्रयास किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उसकी जान बच सकी।

पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
घटना के बाद पति ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वह अपने माता-पिता के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दी। मामले में मोंठ पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






































