NEW DELHI NEWS. देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की डिजिटल सेवाएं शुक्रवार को एक बार फिर लड़खड़ा गईं। एयरलाइन की वेबसाइट और मोबाइल ऐप ठप होने से देशभर में यात्रियों को टिकट बुकिंग, वेब चेक-इन और ऑनलाइन भुगतान में परेशानी का सामना करना पड़ा। खास बात यह है कि एक ही सप्ताह के भीतर इंडिगो की ऑनलाइन सेवाओं में तकनीकी दिक्कत का यह दूसरा मामला है।

इंडिगो की वेबसाइट या ऐप के जरिए फ्लाइट बुक करने की कोशिश कर रहे यात्रियों को ‘नो डेटा अवेलेबल’ का संदेश दिखाई दिया। कई यूजर्स को लॉगिन करने और भुगतान पूरा करने में भी परेशानी हुई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यात्रियों ने बुकिंग फेल होने और वेब चेक-इन नहीं कर पाने की शिकायतें साझा कीं।

रिजर्वेशन सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी
समस्या सामने आने के बाद इंडिगो ने सर्विस एडवाइजरी जारी की। एयरलाइन के मुताबिक, उसके मुख्य रिजर्वेशन सिस्टम में रुक-रुककर तकनीकी समस्या आ रही है। इसे दूर करने के लिए तकनीकी टीम अपने पार्टनर के साथ मिलकर काम कर रही है।
एयरलाइन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।

यात्रियों को क्या सलाह?
इंडिगो ने तत्काल यात्रा करने वाले यात्रियों को कस्टमर सपोर्ट हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी है। वहीं, जिन यात्रियों की उड़ान आगे की तारीखों में है, उन्हें कुछ समय बाद दोबारा डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने को कहा गया है।

घरेलू विमानन बाजार में इंडिगो की बड़ी हिस्सेदारी
डीजीसीए के जुलाई 2026 के आंकड़ों के अनुसार, घरेलू विमानन बाजार में इंडिगो की हिस्सेदारी 67.4 प्रतिशत है। एयर इंडिया की हिस्सेदारी 24 प्रतिशत, अकासा एयर की 5.5 प्रतिशत और अन्य एयरलाइंस की हिस्सेदारी 3.1 प्रतिशत है।
इंडिगो की डिजिटल सेवाओं में लगातार दूसरी बार आई तकनीकी परेशानी के बाद अब यात्रियों की नजर इस बात पर है कि एयरलाइन इस समस्या को कितनी जल्दी पूरी तरह दूर कर पाती है।






































