BILASPUR NEWS. सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम दर्राभाठा में घर का ताला तोड़कर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के जेवरों की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त की सुबह ग्राम दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे काम के लिए एनटीपीसी सीपत गए थे। उनकी पत्नी भी घर में ताला लगाकर खेत में काम करने चली गई थीं। करीब 11:45 बजे जब वह वापस लौटीं तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर तथा करीब 10 हजार रुपये नकद गायब थे।

शिकायत मिलते ही सीपत पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दिनेश सोनवानी को घटना के समय घर के आसपास देखा गया था।
पुलिस ने संदेह के आधार पर दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पकड़े जाने के डर से चोरी किए गए आभूषण उसने अपनी सहयोगी सनिता कौसले के पास छिपाकर रखे थे।

इसके बाद पुलिस ने दिनेश सोनवानी निवासी दर्राभाठा और सनिता कौसले निवासी बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर 7.66 ग्राम सोने के जेवर और 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए। पुलिस ने चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी के महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंचने और पूरा माल बरामद करने में सफलता मिली। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।






































