PRAYAGRAJ NEWS. प्रयागराज-कौशांबी सीमा पर सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। मोहम्मदपुर गांव में दोपहर करीब 12:30 बजे हुए धमाके में 2 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि 800 वर्गफीट में बनी पूरी एक मंजिला फैक्ट्री जमींदोज हो गई और आसपास के करीब 8 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से 3 मकान पूरी तरह ढह गए।

2 किलोमीटर दूर तक गूंजी आवाज, 100 मीटर तक तबाही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय फैक्ट्री में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और कुछ ही पलों में आसमान धुएं के गुबार से भर गया।
विस्फोट के बाद भी फैक्ट्री के भीतर रखे पटाखों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पास के एक मकान की तीसरी मंजिल में करीब 8 फीट का बड़ा छेद हो गया। हादसे के बाद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोग घायलों को चारपाई और अन्य साधनों के सहारे अस्पताल पहुंचाते नजर आए।

200 जवानों ने संभाला मोर्चा, 10 बुलडोजर से हट रहा मलबा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, प्रयागराज के मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन की टीम, NDRF और SDRF के करीब 200 जवान मौके पर पहुंच गए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
मलबा हटाने के लिए करीब 10 बुलडोजर लगाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोग दबे हो सकते हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

मनौरी एयरफोर्स स्टेशन से महज 2 किलोमीटर दूर फैक्ट्री
पुलिस के अनुसार, हादसे वाली जगह मनौरी एयरफोर्स स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित है। 800 वर्गफीट में संचालित इस पटाखा फैक्ट्री के मालिक का नाम आदिल बताया जा रहा है। फैक्ट्री के आसपास नई बस्ती भी विकसित हो रही थी।
फिलहाल सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें विस्फोट के कारणों की जांच के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।






































