VARANASI NEWS. वाराणसी के बाबतपुर (लाल बहादुर शास्त्री) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने की तैयारी कर रहे शिवसेना नेता और पूर्व पार्षद कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक मिसफायर हो गया। इस घटना में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।

अचानक चली गोली, फर्श से टकराकर कर्मचारियों को लगी जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। आजमगढ़ निवासी शिवसेना नेता कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-1810) से मुंबई जाने वाले थे। उन्होंने नियमानुसार अपने लाइसेंसी हथियार को पहले ही डिक्लेयर कर दिया था।

सिक्योरिटी चेकिंग और जांच के दौरान अचानक उनकी पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया। गोली सबसे पहले फर्श से टकराई और छर्रे पास में मौजूद बिहार निवासी महिला कर्मचारी सुमन (32) की जांघ में जा लगे। वहीं दूसरे कर्मचारी रोहित राज के हाथ में छर्रे लगे। गोली चलने से एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।
हाईअलर्ट के बीच मची अफरा-तफरी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 11 से 20 अगस्त तक एयरपोर्ट पर सुरक्षा का हाईअलर्ट जारी था। ऐसे में अचानक हुई फायरिंग से अधिकारी और सुरक्षा एजेंसी तुरंत हरकत में आ गईं। एडीसीपी गोमती जोन समेत पुलिस अधिकारी और इंटेलिजेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने पिस्टल और 21 कारतूस किए जब्त हादसे के तुरंत बाद दोनों घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमलेश राय से करीब 5 घंटे तक पूछताछ की और इसके बाद उन्हें फूलपुर थाने ले जाया गया। पुलिस ने उनके पास से पिस्टल और 21 कारतूस जब्त कर लिए हैं।

कौन हैं कमलेश राय?
कमलेश राय मूल रूप से आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के रहने वाले हैं और मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके हैं। उनके पास तीन लाइसेंसी हथियार (रिवॉल्वर, पिस्टल और राइफल) हैं। वह आजमगढ़ में एक महाविद्यालय के प्रबंधक भी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई कर रही है।






































