RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने भारतीय वन सेवा (IFS) के 9 अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन ने अधिकारियों की नई पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया है। फेरबदल में गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व, अचानकमार टाइगर रिजर्व, इंद्रावती टाइगर रिजर्व और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान समेत कई महत्वपूर्ण वन क्षेत्रों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सौरभ सिंह ठाकुर (2017 बैच) को गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व के उप संचालक पद से हटाकर हाथी रिजर्व, सरगुजा का उप संचालक बनाया गया है।

वहीं दिनेश कुमार पटेल (2018 बैच) को मोहला के उप वन संरक्षक पद से स्थानांतरित कर अचानकमार टाइगर रिजर्व, लोरमी का उप संचालक नियुक्त किया गया है। गणेश यूआर (2019 बैच) को अचानकमार टाइगर रिजर्व के उप संचालक पद से हटाकर वनमंडलाधिकारी, अनुसंधान एवं विस्तार वन मंडल बिलासपुर की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें संचालक, अचानकमार-अमरकंटक बायोस्फियर रिजर्व, बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

आदेश के मुताबिक अभिनव कुमार (2021 बैच) का तबादला मुंगेली से मोहला किया गया है। उन्हें उप वन संरक्षक (प्रादेशिक), मोहला बनाया गया है। एस. नवीन कुमार (2022 बैच) को कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के संचालक पद से हटाकर उप वन संरक्षक (प्रादेशिक), पश्चिम भानुप्रतापपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं गौतम पादीभर (2023 बैच) को गौरेला वनमंडल के उप वनमंडलाधिकारी पद से स्थानांतरित कर कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, जगदलपुर का संचालक बनाया गया है। श्वेता कम्बोज (2023 बैच) को अम्बिकापुर वनमंडल से स्थानांतरित कर गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व, बैकुण्ठपुर की उप संचालक नियुक्त किया गया है।

सुमेध संजय सुरवणे (2023 बैच) को सुकमा वनमंडल से हटाकर इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर का उप संचालक बनाया गया है। वहीं तन्मय कौशिक (2023 बैच) को रायगढ़ वनमंडल से स्थानांतरित कर उप वन संरक्षक (प्रादेशिक), मुंगेली की जिम्मेदारी दी गई है। आदेश में स्टायलो मंडावी (2011 बैच) के अतिरिक्त प्रभार को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। उत्तम कुमार गुप्ता के कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से स्टायलो मंडावी को प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक), जगदलपुर को छोड़कर बाकी अतिरिक्त प्रभारों से मुक्त किया जाएगा।

पढ़ें पूरा आदेश
विभाग के इस फेरबदल से राज्य के कई महत्वपूर्ण वन क्षेत्रों और टाइगर रिजर्व की प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।





































