KARACHI NEWS. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को कड़ी सुरक्षा के बीच शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाकर मेडिकल जांच कराई गई। करीब छह विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया और वापस अदियाला जेल भेज दिया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, डॉक्टरों का मानना था कि मौजूदा स्थिति में इमरान खान को अस्पताल में भर्ती करने के बजाय जेल में रखना ज्यादा सुरक्षित है। इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच वापस जेल पहुंचाया गया। इमरान खान को अदियाला जेल से रात करीब 1 बजे शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाया गया।

इमरान खान के अस्पताल पहुंचने से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को अस्पताल और आसपास के इलाके में तैनात किया गया था। इस्लामाबाद के पुलिस इंस्पेक्टर जनरल सैयद अली नासिर रिजवी ने भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अस्पताल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। अस्पताल में इमरान खान की जांच के लिए छह विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद थी। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने के बजाय वापस जेल भेजने का फैसला लिया। यह फैसला ऐसे समय हुआ है, जब इमरान खान की सेहत को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मामला चल रहा है।

इमरान खान को निजी अस्पताल ले जाने का फैसला पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुआ। कोर्ट ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए दो दिनों के भीतर मेडिकल जांच और आवश्यक इलाज के लिए उन्हें शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने उनकी जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित करने को भी कहा था। साथ ही डॉक्टर उज़मा और इमरान खान के निजी डॉक्टर को जांच और इलाज के दौरान मौजूद रहने की अनुमति दी गई थी। इलाज का खर्च उनके परिवार को उठाना था।

इमरान खान को निजी अस्पताल भेजने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ केंद्र सरकार की ओर से पुनर्विचार याचिका दाखिल की गई थी। सरकार ने दलील दी थी कि 18 अगस्त का अंतरिम आदेश कानूनी दायरे से बाहर है। सरकार का कहना था कि इमरान खान की पहले भी कई बार मेडिकल जांच हो चुकी है और उनके इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड बनाए गए हैं। सरकार के मुताबिक, उन्हें जेल से अस्पताल भेजने का फैसला मेडिकल विशेषज्ञों की राय के आधार पर होना चाहिए। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार कार्यालय ने पुनर्विचार याचिका में कुछ तकनीकी आपत्तियां जताईं, जिसके बाद सरकार ने याचिका वापस ले ली।

2023 से जेल में हैं इमरान खान
इमरान खान वर्ष 2023 से जेल में हैं। उन्हें कई मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है। इमरान खान और उनकी पार्टी इन मामलों को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते रहे हैं। अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद इमरान खान को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद से हटा दिया गया था। इसके बाद उनके खिलाफ कई कानूनी मामले दर्ज किए गए। फिलहाल मेडिकल जांच के बाद इमरान खान को वापस अदियाला जेल भेज दिया गया है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति और आगे के इलाज को लेकर मेडिकल टीम की रिपोर्ट अहम होगी।


































