BHILAI NEWS. दुर्ग जिले के भिलाई शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर में सामने आई दो अलग-अलग घटनाओं ने यह चिंता बढ़ा दी है कि आखिर मनचलों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

पहली घटना में एक मनचला लगातार युवती का पीछा कर रहा था। काफी देर तक पीछा किए जाने से परेशान युवती ने बीच सड़क पर ही युवक को रोक लिया और चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी। युवती को विरोध करते देख आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए। बाद में युवक को पकड़कर स्मृति नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
वीडियो में युवती युवक से कहती हुई दिखाई देती है, “तुझे क्या लगता है, मैं देखी नहीं तुझे मेरा पीछा करते हुए? क्यों पीछा कर रहा है?” इस पर युवक ने सफाई देते हुए कहा कि वह किसी का इंतजार कर रहा था। युवती ने उसका जवाब नकारते हुए दावा किया कि कुछ महीने पहले भी एक मॉल में यही युवक उसका पीछा कर चुका है और उस समय भी उसने उसका वीडियो बनाया था।

वहीं दूसरी घटना ने लोगों को और भी ज्यादा झकझोर दिया। आरोप है कि एक युवक ने सरेआम एक युवती के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसे जबरन किस किया और मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने घटना के बाद सुपेला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं लगातार क्यों हो रही हैं? क्या मनचलों में पुलिस का डर खत्म हो गया है? क्या कानून-व्यवस्था का खौफ अब अपराधियों पर असर नहीं छोड़ रहा?







































